अजमेर में निर्माणाधीन मकान की गिरी दीवार, चार मजदूर घायल

राजस्थान में अजमेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आज एक पुराने भवन में निर्माण के दौरान दीवार गिर जाने से चार मजदूर घायल हो गए। मकान मालिक अनिल चौधरी के पुराने मकान में खिड़की निकालकर नया निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान खिड़की का पटाव सरक जाने के बाद दीवार भड़भड़ाकर गिर पड़ी जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस, नगर निगम व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल मजदूरों को निकालकर उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय भिजवाया गया। घायलों में दो मजदूरों के साथ साथ एक महिला व एक लड़का भी है और सभी समीपवर्ती अजयसर से आकर यहां मजदूरी का काम कर रहे थे। क्षेत्रवासी अश्विनी ने बताया कि यह मकान नया बाजार क्षेत्र के लक्ष्मी मोहल्ला बिसायती गली में स्थित है जो कि अनिल चौधरी का है और इस भवन में निर्माण कार्य चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन की अनदेखी के चलते क्षेत्र की सकड़ी गलियों में अवैध निर्माणों का कार्य जोरों पर है लेकिन निगम प्रबंधन आंखे मूंद कर बैठा है।